इटावा संवाददाता। विकासखंड बसरेहर क्षेत्र की ग्राम पंचायत वजीरपुर के मजरा पत्तापुरा में लंबे समय से गलियों की सफाई न होने के कारण जगह-जगह करीब एक हाथ तक घास उग आई है। गलियों में गंदगी और जलभराव के चलते ग्रामीणों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।



ग्रामीणों का कहना है कि बरसात के मौसम में गलियों में पानी और गंदगी जमा होने से जहरीले कीड़े-मकौड़ों के पनपने का खतरा बढ़ गया है। इससे गांव में संक्रमण और गंभीर बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है। ग्रामीणों को विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों के आवागमन को लेकर चिंता बनी हुई है।
ग्रामीण विनय कुमार, विकास कुमार, रणजीत यादव, मनी यादव, सुखवीर सिंह, बालमुकुंद, सूरज सिंह, प्रमोद बाथम, मनोज कुमार यादव और पैटेन्ट सिंह ने बताया कि समस्या को लेकर कई बार विकासखंड कार्यालय से लेकर जिला स्तर तक शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक सफाई व्यवस्था को लेकर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पंचायत सचिव मिनी सचिवालय में समय बिताकर चले जाते हैं और गांव की मूलभूत समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से गांव की गलियों की तत्काल सफाई, घास की कटाई और जलभराव की समस्या दूर कराने की मांग की है।




